कश्मीर मुद्दे पर भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव से दोनों देशों के मध्य व्यापार में काफी गिरावट आई है. पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने यह बात कही है.
पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक, स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के 2019-20 के पहली छमाही के आंकड़ों में कहा गया है कि जुलाई- दिसंबर में पाकिस्तान का भारत को निर्यात गिरकर 1.68 करोड़ डॉलर रह गया, जो कि 2018-19 की पहली छमाही में 21.3 करोड़ डॉलर था. आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान का भारत से आयात भी जुलाई-दिसंबर की अवधि में गिरकर 28.6 करोड़ डॉलर रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में 86.5 करोड़ डॉलर था. जिसके परिणामस्वरूप, भारत के साथ पाकिस्तान का व्यापार घाटा 26.9 करोड़ डॉलर है. रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच व्यापार कम होने का कुछ खास असर व्यापार संतुलन पर नहीं पड़ा है. यह अब भी भारत के पक्ष में है.
पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान का चीन से आयात जुलाई-दिसंबर में गिरकर 4.8 अरब डॉलर रहा. एक साल पहले इसी छमाही में यह आंकड़ा 5 अरब डॉलर था. हालांकि , पाकिस्तान का चीन को निर्यात मामूली बढ़ है. इस वित्त वर्ष में यह 93.6 करोड़ डॉलर रहा , जो कि पहले 88.9 करोड़ डॉलर था.
भारत ने पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा वापस ले लिया था और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने की घोषणा की थी. पाकिस्तान ने भारत के इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बनाने की कोशिश की थी.इसके बाद पाकिस्तान ने भारत से राजनयिक संबंध कम किए थे और व्यापार को रोक दिया था. इससे व्यापार और वाणिज्यिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचा है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.