अनिल अंबानी ने ब्रिटेन की एक अदालत में कहा है कि वे दिवालिया हो चुके हैं और उनके पास एक पैसा नहीं है. द टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक चीन के तीन बैंकों ने उन पर मुकदमा दायर किया है. इन बैंकों का कहना है कि अनिल अंबानी ने उनसे अपनी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस के लिए कर्ज लिया था जो उन्होंने चुकाया नहीं. बैंकों के मुताबिक उनकी बकाया रकम ब्याज सहित पांच हजार करोड़ रु बैठती है. लेकिन ब्रिटिश हाई कोर्ट में अनिल अंबानी का कहना है कि कारोबार का भट्टा बैठ जाने के कारण उनका दिवाला निकल चुका है.
हालांकि अदालत ने अनिल अंबानी के बयान को झूठ से भरा बताया. जज जस्टिस वेक्समैन का कहना था कि अनिल अंबानी के पास अब भी उससे ज्यादा परिसंपत्तियां हैं जितनी उन्होंने बताई हैं. बैंकों ने कोर्ट से अपील की कि वह अनिल अंबानी को लगभग 4,690 करोड़ की रकम कोर्ट में जमा करवाने का आदेश जारी करे. मगर अदालत ने तय किया उन्हें अदालत में 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 715 करोड़ रुपये जमा करवाने होंगे. शुक्रवार को हुई इस कार्यवाही के दौरान अनिल अंबानी के बेटे अनमोल कोर्ट में उपस्थित रहे.
अनिल अंबानी एक समय दुनिया के छठे सबसे अमीर शख्स थे. उनके बड़े भाई मुकेश अंबानी 55 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ आज भी एशिया के सबसे बड़े अमीर हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.