देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. आयकर विभाग ने कांग्रेस के पैसों के लेनदेन में कथित तौर पर टैक्स की अदायगी नहीं करने के मामले में पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल को समन भेजा है. अधिकारियों ने शुक्रवार को मीडिया को यह जानकारी दी है.
पीटीआई के मुताबिक आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अहमद पटेल को कांग्रेस के कोषाध्यक्ष के तौर पर उपस्थित होने के लिए नया नोटिस भेजा गया है. राज्यसभा सदस्य पटेल को फरवरी महीने में भी आयकर विभाग के समक्ष उपस्थित होने के लिए समन भेजा गया था. लेकिन उस वक्त उन्होंने विभाग को अपने अस्वस्थ होने की सूचना दी थी.
अधिकारियों के मुताबिक आयकर विभाग अहमद पटेल से पूछताछ करना और उनसे कांग्रेस की आय, चंदे और खर्च के बारे में समझना चाहता है. पिछले साल कई स्थानों पर तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों के संदर्भ में भी उनसे पूछताछ की जाएगी. आयकर विभाग को संदेह है कि कांग्रेस पार्टी के कई लेनदेन में अनियमितताएं बरती गई हैं, इसी को लेकर उसने कई स्थानों पर तलाशी ली थी. विभाग ने इन अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस के कई पदाधिकारियों से पूछताछ भी की थी.
उधर, कांग्रेस ने आयकर विभाग के समन के जवाब में चुनावी बॉन्ड का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ‘हम इंतजार कर रहे हैं कि चुनाव आयोग, आयकर विभाग, सीबीआई और ईडी चुनावी बॉन्ड घोटाले की भी जांच करें. इन्हें केवल किसी एक पार्टी पर अंगुली उठाने का अधिकार नहीं है, सत्ता में बैठी पार्टी ने राजनीतिक चंदे में भ्रष्टाचार को एक संस्थागत व्यवस्था बना दिया है.’
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.