हॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता हार्वी वाइनस्टीन को यौन उत्पीड़न और बलात्कार मामले में 23 साल की जेल की सजा सुनाई गई है. बीते महीने न्यूयॉर्क की एक अदालत ने 67 साल के हार्वी वाइनस्टीन को थर्ड डिग्री रेप और फर्स्ट डिग्री आपराधिक यौन गतिविधि के मामले में दोषी पाया था.
हॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री एंजेलीना जोली सहित 80 महिलाओं ने उन पर आरोप लगाए थे. एजेंलीना जोली ने कहा था कि युवावस्था वाले दिनों में हार्वी वाइनस्टीन के साथ उनका बहुत बुरा अनुभव रहा. जोली के मुताबिक यही वजह थी कि उन्होंने फिर इस शख्स के साथ काम न करने का फैसला किया और दूसरों को भी इस बारे में आगाह किया. उधर, ‘शेक्सपियर इन लव’ के लिए ऑस्कर पाने वालीं ग्वीनेथ पॉल्त्रोव ने आरोप लगाया था कि हार्वी वाइनस्टीन ने उन्हें अपनी फ़िल्म ‘एम्मा’ में लीड रोल के लिये चुना था. उनका कहना था, ‘इसके बाद उन्होंने मुझे होटल में बुलाया, मुझको छुआ और अपने बेडरूम में मालिश की बात कही.’
हार्वी वाइनस्टीन के खिलाफ आरोप लगने के बाद मीटू आंदोलन ने रफ्तार पकड़ ली थी. इस दौरान भारत सहित दुनिया भर में महिलाओं ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न के अनुभवों को सोशल मीडिया पर साझा किया. हार्वी वाइन्सटीन को सजा होने के बाद पीड़ित महिलाओं ने संतोष जताया है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.