यस बैंक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चर्चित कारोबारी अनिल अंबानी को तलब किया है. उनसे उनकी कंपनियों को जारी किए गए लोन के मामले में पूछताछ की जाएगी. हालांकि अनिल अंबानी ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पेश होने के लिए कुछ वक्त की मांग की है. इसके बाद कहा जा रहा है कि ईडी आज उन्हें दूसरा समन जारी करेगा.
अनिल अंबानी ग्रुप की कंपनियों ने यस बैंक से करीब 12800 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. यह बाद में एनपीए में तब्दील हो गया. यानी बैंक का पैसा फंस गया. कुछ दिन पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया था कि यस बैंक से कर्ज लेकर उसे न चुकाने वालों में अनिल अंबानी ग्रुप, एस्सेल समूह, आईएलफएस, डीएचएफएल और वोडाफोन जैसे बड़े नाम हैं.
रिजर्व बैंक ने पिछले दिनों यस बैंक के ग्राहकों के लिए नकद निकासी पर 50 हजार रु की सीमा तय कर दी थी. साथ ही उसने बैंक पर कुछ अन्य प्रतिबंध भी लगा दिए थे. हालांकि निर्मला सीतारमण ने ग्राहकों को आश्वासन दिया था कि उनका पैसा सुरक्षित है.
यस बैंक के संस्थापक राणा कपूर फिलहाल ईडी की कस्टडी में हैं. ईडी ने राणा कपूर. उनके परिवार और कई अन्य पर कर्ज देने के एवज में 4300 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगाया है. यह वही कर्ज है जो बाद में एनपीए हो गया.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.