कोरोना वायरस से जुड़ी अलग-अलग खबरें आज भी सभी अखबारों के पहले पन्ने पर हैं. देश में इसकी चपेट में आए मरीजों का आंकड़ा 150 के पार चला गया है. दैनिक जागरण ने खबर दी है कि कोरोना से जंग में राज्यों के साथ समन्वय के लिए केंद्र सरकार 30 संयुक्त सचिवों को अलग-अलग राज्यों में भेजने जा रही है. ये सचिव नोडल अधिकारी की तरह काम करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि राज्य की मांग और केंद्र से आपूर्ति में व्यवधान न खड़ा हो.

अखबार के मुताबिक बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिवों की तैयारी बैठक हुई जिसमें उन्हें उनके काम के बारे में समझाया गया. उधर, एक समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने अफसरों को आइसोलेशन कैंपों का दौरा कर वहां बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया.
यस बैंक मामले में रिलायंस एडीएजी के अनिल अंबानी और डीएचएफ़एल के कपिल वाधवान समन के बावजूद ईडी के सामने पेश नहीं हुए. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक एस्सेल ग्रुप के मालिक सुभाष चंद्रा और जेट एयरवेज के मुखिया नरेश गोयल ने भी ऐसा ही किया. किसी ने इसके लिए व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया तो किसी ने कोरोनावायरस का. इन सभी को ईडी ने अब फिर बुलाया है.
भारतीय रिजर्व बैंक एक अप्रैल से शुरू होने वाले अगले वित्त वर्ष के दौरान ब्याज दरों में 1.75 फीसदी तक की कटौती कर सकता है. दैनिक भास्कर ने चर्चित रेटिंग एजेंसी फिच सॉल्यूशंस के हवाले से यह खबर दी है. केंद्रीय बैंक यह कदम कोरोना वायरस से लगने वाले आर्थिक झटके को सहने के लिए उठा सकता है. फिच सॉल्यूशंस के मुताबिक चालू वित्त में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 4.9 फीसदी, जबकि 2020-21 में 5.4 फीसदी तक रह सकती है.
हिन्दुस्तान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में कल से एक बार फिर बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं. 20-21 मार्च के बाद ऐसी ही स्थिति 24 और 25 मार्च को भी बन सकती है. कुछ दिन पहले भी दिल्ली-एनसीआर में जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई थी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.