ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की गर्भवती मंगेतर कैरी सायमंड्स में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं. पिछले सप्ताह बोरिस जॉनसन भी कोरोना से संक्रमित पाए गए थे.
शनिवार को कैरी सायमंड्स ने इसकी जानकारी देते हुए एक ट्वीट में लिखा, ‘मैं कोरोना वायरस के लक्षण नजर आने के बाद से पिछले एक हफ्ते से आराम कर रही हूं. मुझे अभी टेस्ट कराने की जरूरत महसूस नहीं हुई है. सात दिनों के आराम के बाद मैं मजबूत महसूस कर रही हूं और मुझमें सुधार हो रहा है.’
कोरोना वायरस गर्भवती महिलाओं के लिए सबसे अधिक जोखिम भरा माना जा रहा है, ऐसे में कैरी सायमंड्स ने गर्भवती महिलाओं के लिए एक सलाह भी साझा की है. उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञों का एक लिंक साझा करते हुए लिखा है, ‘कोविड-19 के साथ गर्भवती होना स्पष्ट रूप से चिंताजनक है. अन्य गर्भवती महिलाएं इसे पढ़ें और जरूरी सलाह का पालन करें, मुझे ये ज्यादा ठीक लग रहा है.’
Being pregnant with Covid-19 is obviously worrying. To other pregnant women, please do read and follow the most up to date guidance which I found to be v reassuring: https://t.co/JPvIDeB3l6
— Carrie Symonds (@carriesymonds) April 4, 2020
बीती 27 मार्च को प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे. डाक्टरों की सलाह के बाद उन्होंने 10 डाउनिंग स्ट्रीट में खुद को अलग-थलग कर लिया था. इसके बाद ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह आईसोलेशन में रहकर ही कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सरकार का नेतृत्व करते रहेंगे.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें