‘रिमूव चाइना एप्स’ नाम के एक एप को गूगल ने अपने प्ले स्टोर से हटा दिया है. कंपनी का कहना है कि यह एप उसकी नीतियों का उल्लंघन कर रहा था. खबरों के मुताबिक ‘रिमूव चाइना एप्स’ को फोन से उन एप्स को हटाने के लिए डिजाइन किया गया है जिनकी मालिक चीन की कंपनियां हैं. गूगल का कहना है कि कोई एप ऐसा नहीं कर सकता. उधर, ‘रिमूव चाइना’ एप्स को बनाने वाली जयपुर स्थित कंपनी वन टच एप लैब्स ने भी इसकी पुष्टि की है कि उसके एप को प्ले स्टोर से हटा दिया गया है. हालांकि उसका कहना है कि इस एप का उद्देश्य लोगों को चीनी कंपनियों के एप हटाने के लिए प्रोत्साहित करना नहीं था.
चीन से निकले कोरोना वायरस से पैदा हुए संकट और भारत-चीन सीमा विवाद के बीच एक वर्ग देश में चीनी कंपनियों और एप के बहिष्कार की अपील कर रहा है. इसी सबके बीच ‘रिमूव चाइना एप्स’ 17 मई को गूगल के प्ले स्टोर पर आया था. थोड़े ही समय में इसके 50 लाख से भी ज्यादा डाउनलोड्स हो गए. यह ट्रेंडिंग एप्स की सूची में आ गया था.
‘रिमूव चाइना एप्स’ को हटाने से कुछ ही घंटे पहले गूगल ने एक और चर्चित एप को अपने प्ले स्टोर से हटा दिया था. यह ‘मित्रों’ नाम का एक एप था. इसके भी 50 लाख से ज्यादा डाउनलोड्स हो चुके थे. मित्रों को ‘टिक टॉक’ के देसी संस्करण की तरह पेश किया गया था. लेकिन फिर खबरें आईं कि यह एक पाकिस्तानी कंपनी द्वारा बनाए गए एप का रीपैकेज्ड वर्जन है. इससे लोगों का डेटा असुरक्षित होने की संभावना भी जताई गई थी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.