एलन मस्क, जेफ बेजॉस और बिल गेट्स समेत दुनिया के कई बड़े कारोबारियों और नेताओं के ट्विटर अकाउंट हैक होने से हंगामा खड़ा हो गया है. हैक किए गए इन अकाउंटों पर की गई पोस्ट में लोगों से बिटक्वाइन में दान मांगा गया. माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के अकाउंट से किए गए ट्वीट में कहा गया कि हर कोई उनसे समाज को वापस लौटाने के लिए कहता रहा है और अब वो वक्त आ गया है. आगे कहा गया कि बिल गेट्स के बिटकॉइन अड्रेस पर अगले आधे घंटे में पैसा भेजने वालों को यह रकम दोगुनी करके वापस भेज दी जाएगी. साथ में इस अड्रेस का लिंक भी दिया हुआ था.

टेस्ला और स्पेस एक्स के मुखिया एलन मस्क के अकाउंट से की गई एक पोस्ट में भी कुछ ऐसी ही बात कही गई. इस ट्वीट में लिखा था, ‘अगले एक घंटे तक बिटक्वाइन में भेजे गए पैसों को दोगुना करके वापस लौटाया जाएगा.’
हैकिंग का शिकार होने वालों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन शामिल हैं. चर्चित कंपनियों उबर और एपल के ट्विटर अकाउंट भी हैक किए गए. खबर है कि इन ट्वीट्स को सच मानते हुए कई लोगों ने एक बड़ी रकम भेज भी दी. बाद में ये ट्वीट डिलीट हो गए.
उधर, ट्विटर ने कहा है कि वह इस मामले की जांच कर रहा है. एक ट्वीट में कंपनी के सीईओ जैक डॉरसी ने कहा कि क्या हुआ है, इसके बारे में पूरी जानकारी जुटाने के बाद इसे लोगों के साथ साझा किया जाएगा. कंपनी के मुताबिक जब तक इस घटना की जांच की जा रही है तब तक न ट्वीट किए जा सकेंगे और न ही पासवर्ड रीसेट किए जा सकेंगे.
Tough day for us at Twitter. We all feel terrible this happened.
— jack (@jack) July 16, 2020
We’re diagnosing and will share everything we can when we have a more complete understanding of exactly what happened.
💙 to our teammates working hard to make this right.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.