राजस्थान में विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में की जांच के लिए मानेसर गई राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम खाली हाथ लौट गई है. खबरों के मुताबिक एसओजी की टीम पायलट गुट के विधायक भंवर लाल शर्मा के नमूने लेने मानेसर पहुंची थी. लेकिन ख़बरों के मुताबिक जिस होटल ‘आईटीसी इंडिया’ में एसओजी पहुंची थी वहां के होटल रजिस्टर में विधायक शर्मा का नाम ही दर्ज नहीं था. नतीजतन एसओजी की टीम को रिसेप्शन पर ही होटल के कुछ अधिकारियों से आवश्यक पूछताछ कर लौटना पड़ा.
इससे पहले इस टीम को हरियाणा पुलिस ने होटल के बाहर ही रोक लिया था. जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ घंटे इंतजार करने के बाद ही एसओजी की टीम होटल में प्रवेश कर पाई. इसके बाद एसओजी मानेसर के ही एक दूसरे होटल में भी गई. कहा जा रहा है कि सचिन पायलट गुट के कुछ विधायकों के वहां भी रुके होने की सूचना एसओजी के पास थी. लेकिन वहां भी एसओजी को भंवर लाल शर्मा नहीं मिले.
ग़ौरतलब है कि गुरुवार रात को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विशेषाधिकारी ने एक ऑडियो ज़ारी किया था जिसमें विधायक भंवरलाल शर्मा और विश्वेंद्र सिंह के साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत की आवाज होने का दावा किया गया. इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भंवरलाल शर्मा और विश्वेंद्र सिंह को पार्टी से निलंबित करने की घोषणा कर दी थी. इस मौके पर सुरेजवाला का यह भी कहना था कि- जो टेप सामने आए हैं उनसे साफ है कि भाजपा द्वारा जनमत के अपहरण की कोशिश की जा रही है. इसके बाद पार्टी के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने एसओजी में दो एफआईआर दर्ज करवाई थीं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.